MCQ on Science: पादपों में पोषण

पादपों में पोषण से सम्बंधित प्रश्नों को हम यहाँ देखेंगे। इन प्रश्नों को NCERT की बुक से लिया गया है।

Contents hide
1) Q&A: पादपों में पोषण (Question-Answer on Nutrition in plants)

Q&A: पादपों में पोषण (Question-Answer on Nutrition in plants)


प्रश्न-1: निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा/से सत्य है/हैं?

  • कथन-1: जो जीव अपना भोजन स्वयं संश्लेषित करते हैं,स्वपोषी (Autotroph) कहलाते हैं।
  • कथन-2: जो जीव अन्य पादपों द्वारा संश्लेषित भोजन ग्रहण करते हैं, विषमपोषी (Heterotroph) कहलाते हैं।

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग करके सही उत्तर का चयन कीजिये-

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. 1 और 2 दोनों
  4. न तो 1 और न ही 2

व्याख्याः (Option: 3) उपर्युक्त दोनों कथन सही हैं। सभी सजीवों को भोजन की आवश्यकता होती है। पादप अपना भोजन स्वयं बनाते हैं इसलिये इन्हें स्वपोषी भी कहा जाता है। जंतु एवं अधिकतर अन्य जीव पादपों द्वारा संश्लेषित भोजन ग्रहण करते हैं इसलिये इन्हें विषमपोषी भी कहा जाता है।


प्रश्न-2: निम्नलिखित में से किसे/किन्हें ‘पादप की खाद्य फैक्ट्रियाँ’ कहा जाता है/हैं?

  1. पत्ता
  2. तना
  3. जड़
  4. शाखा

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग करके सही उत्तर का चयन कीजिये-

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. केवल 1 और 4
  4. केवल 3 और 4

व्याख्याः (Option: 1)

  • पादपों में खाद्य पदार्थों का संश्लेषण पत्तियों द्वारा होता है इसलिये पत्तियाँ पादप की खाद्य फैक्ट्रियाँ कही जाती हैं।
  • मृदा में उपस्थित जल एवं खनिज जड़ द्वारा अवशोषित किये जाते हैं तथा तने के माध्यम से पत्तियों तक पहुँचाए जाते हैं।

प्रश्न-3: निम्नलिखित में से कौन-से प्रकाश संश्लेषण के लिये आवश्यक हैं?

  1. क्लोरोफिल
  2. सूर्य का प्रकाश
  3. कार्बन डाइऑक्साइड
  4. जल

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग करके सही उत्तर का चयन कीजिये-

  1. केवल 1 और 2
  2. केवल 1, 2 और 3
  3. केवल 3 और 4
  4. 1, 2, 3 और 4

व्याख्याः (Option: 4)

  • पत्तियों में हरा वर्णक होता है, जिसे क्लोरोफिल कहते हैं। क्लोरोफिल सूर्य के प्रकाश की ऊर्जा का संग्रहण करने में पत्ती की सहायता करता है।
  • पौधे इस ऊर्जा का उपयोग जल एवं कार्बन डाइऑक्साइड से खाद्य संश्लेषण में करते हैं। ये खाद्य संश्लेषण सूर्य के प्रकाश की उपस्थिति में होता है इसलिये इसे प्रकाश संश्लेषण कहा जाता है।

प्रश्न-4: प्रकाश संश्लेषण के सन्दर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये-

  • कथन-1: प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया द्वारा केवल ऑक्सीजन गैस बनती है।
  • कथन-2: पत्तियों के अलावा पादपों के दूसरे हरे भागों में भी प्रकाश संश्लेषण होता है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2 
  3. 1 और 2 दोनों
  4. न तो 1 और न ही 2

व्याख्याः (Option: 2)

  • कथन 1 गलत है क्योंकि प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया में कार्बोहाइड्रेट तथा ऑक्सीजन दोनों बनते हैं।
  • पत्तियों के अलावा, पादपों के दूसरे हरे भागों जैसे कि हरे तने एवं हरी शाखाओं में भी प्रकाश संश्लेषण की क्रिया सम्पन्न होती है। अतः कथन 2 सही है।

प्रश्न-5: पादपों के सन्दर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये-

  • कथन-1: सभी पादप अपना भोजन स्वयं संश्लेषित करते हैं।
  • कथन-2: पादप मृदा में उपस्थित नाइट्रोजन जड़ों की सहायता से प्राप्त करते हैं।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. 1 और 2 दोनों
  4. न तो 1 और न ही 2

व्याख्याः (Option: 2)

  • कथन 1 गलत है क्योंकि कुछ पादप ऐसे भी होते हैं जिनमें क्लोरोफिल नहीं पाया जाता है इसलिये वे अपना भोजन स्वयं संश्लेषित नहीं कर सकते (जैसे- अमरबेल)। अपना भोजन स्वयं बनाने वाले पादप स्वपोषी कहलाते हैं, जबकि वे पादप जो अपना भोजन स्वयं नहीं बना पाते विषमपोषी कहलाते हैं। विषमपोषी पादप भोजन के लिये जिन पादपों पर निर्भर होते हैं, वे पादप परपोषी(Host) कहलाते हैं।
  • मिट्टी में उपस्थित कुछ जीवाणु गैसीय नाइट्रोजन को विलेय पदार्थों में परिवर्तित करके मृदा में निर्मुक्त कर देते हैं जिसे पादप जड़ों की सहायता से जल के साथ अवशोषित कर लेते हैं। अतः कथन 2 सही है।

प्रश्न-6: निम्नलिखित में से कौन-सा पादप कीटों को पकड़कर अपना आहार प्राप्त करता है?

  1. अमरबेल
  2. गुड़हल
  3. घटपर्णी
  4. गुलाब

व्याख्याः (Option: 3) कुछ पादप ऐसे होते हैं जो कीटों का भक्षण करते हैं। ऐसे पादप कीटभक्षी(Insectivorous) कहलाते हैं। घटपर्णी (पिचर पादप), वीनस फ्लाइ ट्रैप तथा सनड्यू कीटभक्षी पादप के उदाहरण हैं।


प्रश्न-7: निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये-

  • कथन-1: वह पोषण जिसमें कुछ जीव एक-दूसरे के साथ रहते हैं तथा अपना आवास एवं भोजन एक-दूसरे के साथ बाँटते हैं, सहजीवी संबंध (Symbiotic Relationship) कहलाता है।
  • कथन-2: वह पोषण जिसमें जीव किसी मृत एवं विघटित जैविक पदार्थों से पोषण प्राप्त करते हैं, मृतजीवी पोषण(Saprotrophic Nutrition) कहलाता है।

उपरोक्त कथनों में कौन-सा/से कथन सत्य है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. 1 और 2 दोनों
  4. न तो 1 और न ही 2

व्याख्याः (Option: 3)

  • उपर्युक्त दोनों कथन सही हैं। कुछ जीव एक-दूसरे के साथ रहते हैं तथा अपना आवास एवं भोजन एक-दूसरे के साथ बाँटते हैं, इसे सहजीवी संबंध कहते है।
  • किसी मृत एवं विघटित जैविक पदार्थ से पोषण प्राप्त करना मृतजीवी पोषण कहलाता है। कवक मृतजीवी पोषण का उदाहरण है। कवकों की पोषण प्रणाली भिन्न प्रकार की होती है। ये मृत अथवा विघटनकारी वस्तुओं की सतह पर कुछ पाचक रसों का स्राव करते हैं, जिससे ये विलयन में परिवर्तित हो जाते हैं। कवक इस विलयन का भोजन के रूप में अवशोषण करते हैं।

प्रश्न-8: निम्नलिखित में से कौन-से सहजीवी संबंध का उदाहरण हैं?

  1. शैवाल और कवक
  2. शैवाल और जीवाणु
  3. कवक और जीवाणु
  4. पादप और जीवाणु

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग करके सही उत्तर का चयन कीजिये-

  1. केवल 1 और 3
  2. केवल 1,2 और 3
  3. केवल 1 और 4
  4. केवल 2,3 और 4

व्याख्याः (Option: 3)

  • शैवाल और कवक के बीच सहजीवी संबंध होता है जिसे लाइकेन कहते हैं। शैवाल में क्लोरोफिल उपस्थित होता है, जबकि कवक में क्लोरोफिल नहीं होता। कवक शैवाल को रहने का स्थान (आवास), जल एवं पोषक तत्त्व उपलब्ध कराता है तथा बदले में शैवाल प्रकाश संश्लेषण द्वारा संश्लेषित खाद्य कवक को देता है।
  • पादप और राइज़ोबियम जीवाणु भी सहजीवी संबंध का उदाहरण हैं। ये जीवाणु गैसीय नाइट्रोजन को विलेय पदार्थों में परिवर्तित कर देते हैं, परन्तु राइज़ोबियम अपना भोजन स्वयं नहीं बना सकते। ये चना, मटर, मूंग, सेम तथा अन्य फलीदार पादपों की जड़ों में रहते हैं तथा उन्हें नाइट्रोजन की आपूर्ति करते हैं। इसके बदले पादप इन जीवाणुवों को आवास एवं खाद्य प्रदान करते हैं।

विश्वसनीयता (Trustworthy)

“MCQ केटेगरी” में शामिल प्रत्येक प्रश्न को आधिकारिक स्त्रोतों द्वारा जांचा-परखा गया है, फिर भी इसमें सुधार की गुंजाइश से इंकार नहीं किया जा सकता है। यदि आपको किसी भी प्रश्न में कोई संदेह है, तो आप नीचे टिप्पणी में पूछ सकते हैं। हमारी टीम इसे 48 घंटे में हल करने की भरोसेमंद-कोशिश करेगी।


Leave a Reply

error: