MCQ on Science: खाद्य संसाधनों में सुधार

हम यहां विज्ञान के विषय “खाद्य संसाधनों में सुधार” से संबंधित कुछ प्रश्न देखेंगे। ये सवाल NCERT की किताब से लिए गए हैं।

Contents hide

Q&A: खाद्य संसाधनों में सुधार (Question and Answer on Improvement of food resources)


प्रश्न-1: निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजियेः कौन-सा/से सही सुमेलित है/हैं?

  1. चावल : कार्बोहाइड्रेट
  2. मूँग : प्रोटीन
  3. मूँगफली : वसा

उपर्युक्त युग्मों में से कौन-सा/से सही सुमेलित है/हैं?

  1. केवल 1 और 2
  2. केवल 2 और 3
  3. केवल 3
  4. 1, 2 और 3

व्याख्याः (Option: 4) उपर्युक्त सभी युग्म सही सुमेलित हैं।

  • गेहूँ, चावल, मक्का, बाजरा तथा ज्वार से कार्बोहाइड्रेट (Carbohydrate) प्राप्त होता है।
  • दालें जैसे चना, मटर, उड़द, मूँग, अरहर तथा मसूर से प्रोटीन (Protein) प्राप्त होता है।
  • तेल वाले बीजों, जैसे- सोयाबीन, मूँगफली, तिल, अरंड, सरसों, अलसी तथा सूरजमुखी से हमें आवश्यक वसा (Fat) प्राप्त होती है।
  • इसी प्रकार सब्जियाँ, मसाले तथा फलों से हमें विटामिन तथा खनिज लवण और कुछ मात्रा में प्रोटीन, वसा तथा कार्बोहाइड्रेट भी प्राप्त होते हैं। 

प्रश्न-2: निम्नलिखित में से कौन-सा/से चारा फसल (Fodder crop) है /फसलें हैं?

  1. वर्सीम
  2. जई
  3. सुडान घास
  4. उपर्युक्त सभी

व्याख्याः (Option: 4) वर्सीम, जई व सूडान घास तीनों चारा फसलें हैं। इनका उत्पादन पशुओं के चारे के रूप में किया जाता है।


प्रश्न-3: निम्नलिखित में से कौन-सा युग्म रबी और खरीफ की फसल का सही युग्म नहीं है?

  1. गेहूँ और धान
  2. उड़द और सोयाबीन
  3. अलसी और मक्का
  4. सरसों और अरहर

व्याख्याः (Option: 2) विकल्प (2) गलत है।  ऐसी फसलें, जो ग्रीष्म और वर्षा ऋतु (जून से अक्तूबर) में उगाई जाती हैं, खरीफ फसलें (Kharif crops) कहलाती हैं। धान, सोयाबीन, अरहर, मक्का, मूँग तथा उड़द खरीफ फसलें हैं।

ऐसी फसलें, जो शीत ऋतु (नवंबर से अप्रैल) में उगाई जाती हैं, रबी फसलें (Rabi crops) कहलाती हैं। गेहूँ, चना, मटर, सरसों तथा अलसी रबी फसलें हैं।


प्रश्न-4: पौधों को पोषक हवा, पानी तथा मिट्टी से प्राप्त होते हैं। इन पोषकों के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजियेः

  • कथन-1: पौधों को वृहत्-पोषकों की प्राप्ति जल से होती है।
  • कथन-2: पोषक के रूप में पौधे कार्बन तथा ऑक्सीजन वायु से प्राप्त करते हैं।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. 1 और 2 दोनों
  4. न तो 1 और न ही 2

व्याख्याः  (Option: 2) पौधों के लिये 16 पोषक पदार्थ आवश्यक हैं। इनमें से 13 पोषक पौधे मृदा से प्राप्त करते हैं। (कार्बन, ऑक्सीजन तथा हाइड्रोजन को छोड़ कर)

  • पौधों को इन 13 में से 6 पोषकों की अधिक मात्रा में आवश्यकता होती है इसलिये इन्हें वृहत्-पोषक (Macro-nutrient) कहते हैं तथा शेष 7 पोषकों की आवश्यकता कम होती है इसलिये इन्हें सूक्ष्म पोषक (Micro-nutrient) कहते हैं। अतः कथन (1) गलत है। 
  • ये हवा से कार्बन तथा ऑक्सीजन और पानी से हाइड्रोजन तथा ऑक्सीजन प्राप्त करते हैं। अतः (2)सही है।
  • इन पोषकों की सूची निम्नलिखित है-
क्रम.स्रोतपोषक
1.हवाकार्बन, ऑक्सीजन
2.पानीहाइड्रोजन, ऑक्सीजन
3.मृदा(1) वृहत् पोषकः नाइट्रोजन, फॉस्फोरस,पोटेशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम,सल्फर
(2) सूक्ष्म पोषकः आयरन,मैंगनीज़, बोरॉन, जिंक, कॉपर,मॉलिब्डेनम क्लोरिन

प्रश्न-5: खाद (Manure) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजियेः

  • कथन-1: यह रेतीली मिट्टी की जल धारण क्षमता घटाती तथा चिकनी मिट्टी की जल धारण क्षमता बढ़ाती है।
  • कथन-2: वर्मी-कम्पोट एक खाद है जो केंचुए की सहायता से तैयार की जाती है।
  • कथन-3: हरी खाद फसल उगाने से पहले खेतों में उगाई जाती है तथा बाद में उन पर हल चलाकर खेत की मिट्टी में मिला दिया जाता है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1 
  2. केवल 2
  3. केवल 2 और 3
  4. 1, 2 और 3

व्याख्याः (Option: 3) खाद में कार्बनिक पदार्थों की मात्रा अधिक होती है, जो मिट्टी की संरचना में सुधार करती है। इसके कारण रेतीली मिट्टी में पानी को रखने की क्षमता बढ़ जाती है तथा चिकनी मिट्टी में कार्बनिक पदार्थों की अधिक मात्रा पानी को निकालने में सहायता करती है, जिससे पानी एकत्रित नहीं होता। अतः कथन (1) गलत है। 

कंपोस्ट बनाने के लिये कृषि अपशिष्ट पदार्थों को गड्ढों में विगलित (Decomposed) करते हैं। इसी प्रकार कंपोस्ट को केंचुओं द्वारा पौधों तथा जानवरों के अपशिष्ट पदार्थों के शीघ्र निरस्तीकरण (Decomposition) की प्रक्रिया द्वारा बनाया जाता है। ऐसी कम्पोस्ट खाद वर्मी कंपोस्ट (Vermicompost) कहलाती है। अतः कथन (2) सही है।

फसल उगाने से पहले खेतों में कुछ पौधे जैसे पटसन, मूँग, ग्वार आदि उगा देते हैं और बाद में उन पर हल चलाकर खेत की मिट्टी में मिला दिया जाता है। ये पौधे हरी खाद (green manure) में परिवर्तित हो जाते हैं, जो मिट्टी को नाइट्रोजन और फॉस्फोरस से परिपूर्ण करने में सहायक है। अतः कथन (3) भी  सही है।


प्रश्न-6: कार्बनिक खेती (Organic farming) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों में से कौन सा सही है?

  1. इसमें रासायनिक उर्वरक का उपयोग वर्जित है।
  2. इसमें रासायनिक उर्वरक का उपयोग अपेक्षित है।
  3. इसमें रासायनिक उर्वरक जैविक खाद के उपयोग हेतु 50% का अनुपात सुनिश्चित किया जाता है।
  4. इनमें से कोई नहीं। 

व्याख्याः (Option: 1) कार्बनिक खेती, खेती करने की वह पद्धति है, जिसमें रासायनिक उर्वरक, पीड़कनाशी, शाकनाशी आदि का उपयोग बहुत कम या बिल्कुल नहीं होता। उर्वरकों के अधिक प्रयोग से ये जल प्रदूषण का कारण बनते हैं और इनका सतत् प्रयोग मिट्टी की उर्वरता को घटाता है, क्योंकि कार्बनिक पदार्थ की पुनः पूर्ति नहीं हो पाती और इससे सूक्ष्म जीवों एवं भूमिगत जीवों का जीवन-चक्र अवरूद्ध होता है।


प्रश्न-7: अनाज भंडारण में निम्नलिखित में से किसका/किनका प्रयोग जैव कीटनाशकों (Bio Pesticides) के रूप में किया जाता है?

  1. हल्दी
  2. नीम की पत्तियाँ
  3. नील-हरित शैवाल

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग करके सही उत्तर चुनिये।

  1. केवल 1 और 2
  2. केवल 2 और 3
  3. केवल 2
  4. केवल 3

व्याख्याः (Option: 1) नीम की पत्तियों तथा हल्दी का विशेष रूप से जैव कीटनाशकों (Bio Pesticides) के रूप में अनाज भंडारण में प्रयोग किया जाता है, जबकि नील-हरित शैवाल (Algae) का प्रयोग खेती में जैविक खाद (Organic manure) के रूप में किया जाता है।


प्रश्न-8: फसल पैटर्न के संदर्भ में निम्नलिखित युग्मों पर विचार कीजियेः

  1. मिश्रित फसल : दो अथवा दो से अधिक फसलों को एक साथ एक ही खेत में उगाना।
  2. अंतराफसलीकरण : दो अथवा दो से अधिक फसलों को एक-साथ एक ही खेत में निर्दिष्ट पैटर्न पर उगाना।
  3. फसल चक्र : किसी खेत में पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न फसलों को उगाना।

उपर्युक्त युग्मों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1 और 2
  2. केवल 2
  3. केवल 2 और 3
  4. 1, 2 और 3

व्याख्याः (Option: 4) उपर्युक्त सभी युग्म सही सुमेलित हैं। मिश्रित फसल (Mixed crop) में दो अथवा दो से अधिक फसलों को एक-साथ एक ही खेत में उगाते हैं, जैसे- गेहूँ + चना अथवा गेहूँ + सरसों। इसमें हानि होने की संभावना कम हो जाती है, क्योंकि एक फसल के नष्ट हो जाने पर भी दूसरी फसल उत्पादन की आशा बनी रहती है।

अंतराफसलीकरण (Inter cropping) में दो अथवा दो से अधिक फसलों को एक-साथ एक ही खेत में निर्दिष्ट पैटर्न पर उगाते हैं। कुछ पंक्तियों में एक प्रकार की फसल तथा उनके एकांतर में स्थित दूसरी पंक्तियों में दूसरी प्रकार की फसल लगाते हैं, जैसे- सोयाबीन + मक्का फसल का चुनाव इस प्रकार करते हैं कि उनकी पोषक तत्त्वों की आवश्यकताएँ भिन्न-भिन्न हों, जिससे पोषकों का अधिकतम उपयोग हो सके। इस विधि से पीड़क व रोगों को एक प्रकार की फसल के सभी पौधों में फैलने से रोका जा सकता है।

फसल चक्र (Crop circle): किसी खेत में क्रमवार पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न फसलों के उगाने को फसल चक्र कहते हैं।


प्रश्न-9: फसलों में खर-पतवार के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजियेः

  • कथन-1: खर-पतवार पोषक तत्त्वों का उपभोग कर पौधों की वृद्धि को कम करते हैं।
  • कथन-2: ग्रीष्म काल में हल से खेतों की जुताई खर-पतवार की एक निरोधक विधि है।

उपर्युक्त कथनों से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. 1 और 2 दोनों
  4. न तो 1 और न ही 2

व्याख्याः (Option: 3) उपर्युक्त दोनों कथन सही हैं। खर-पतवार (Weed) पोषक तत्त्वों का उपभोग करते हैं जिससे पौधों को पूर्ण पोषण नहीं मिल पाता और उनकी वृद्धि घट जाती है। ग्रीष्म काल में खेतों की हल से जुताई, उचित क्यारियाँ बनाना, समय पर फसल उगाना, अंतराफसलीकरण तथा फसल चक्र खर-पतवार को नियंत्रित करने की कुछ निरोधक विधियाँ (Weed prevention methods) हैं। 


प्रश्न-10: निम्नलिखित पर विचार कीजियेः कौन देशी गाय की नस्लें (Native cow breeds) हैं?

  1. रेड सिंधी
  2. जर्सी
  3. ब्राउन स्विस
  4. साहीवाल

उपर्युक्त में से कौन देशी गाय की नस्लें हैं?

  1. केवल 1, 2 और 3
  2. केवल 2 और 3
  3. केवल 2, 3 और 4
  4. केवल 1 और 4

व्याख्याः (Option: 4) रेड सिंधी तथा साहीवाल गाय की देशी नस्लें हैं। इनमें रोग-प्रतिरोधक क्षमता बहुत अधिक होती है, जबकि जर्सी और ब्राउन स्विस गाय की विदेशी नस्लें (Exotic breeds) है। इनका दुग्धस्रवण काल (Lactation Period) लंबा होता है। 


प्रश्न-11: कुक्कुट पालन (Poultry) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजियेः

  • कथन-1: अण्डों के लिये लेअर (Layer) मुर्गी का पालन किया जाता है।
  • कथन-2: मांस के लिये ब्रौलर (Broiler) चूजों को पाला जाता है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. 1 और 2 दोनों
  4. न तो 1 और न ही 2

व्याख्याः (Option: 3) उपर्युक्त दोनों कथन सही हैं। अंडों के लिये लेअर मुर्गी तथा मांस के लिये ब्रोलर चूजों का पालन किया जाता है। मुर्गी की नई गुणवत्तापूर्ण किस्में बनाने के लिये देशी जैसे एसिल तथा विदेशी जैसे लेगहार्न नस्लों का संकरण भी कराया जाता है।


प्रश्न-12: मेरीकल्चर (Mariculture) का संबंध है-

  1. भोजन के लिये समुद्री मछलियों के संवर्द्धन से।
  2. संरक्षण के लिये समुद्री मछलियों के संवर्द्धन से।
  3. विशेष समुद्री क्षेत्र में समुद्री मछली की विशेष प्रजाति के संरक्षण से।
  4. विशेष समुद्री क्षेत्र में मछलियों के भोजन हेतु खाद्य पदार्थों (प्लवक) के संवर्द्धन से।

व्याख्याः (Option: 1) मेरीकल्चर का तात्पर्य खाने योग्य समुद्री जीवों जैसे- मछलियों का भोजन के प्रयोग के लिये संवर्द्धन करने से है। यह एक्वाकल्चर (Aquaculture) की एक विशेषीकृत शाखा है। अतः ऐसी समुद्री मछलियों व जीवों का आर्थिक महत्त्व है। 

कुछ समुद्री मछलियों का भोजन के अलावा भी आर्थिक महत्त्व हैं, जैसे- ऑएस्टर (Oyster)। इनका संवर्द्धन मोतियों (pearls) के लिये किया जाता है। 


विश्वसनीयता (Trustworthy)

“MCQ केटेगरी” में शामिल प्रत्येक प्रश्न को आधिकारिक स्त्रोतों द्वारा जांचा-परखा गया है, फिर भी इसमें सुधार की गुंजाइश से इंकार नहीं किया जा सकता है। यदि आपको किसी भी प्रश्न में कोई संदेह है, तो आप नीचे टिप्पणी में पूछ सकते हैं। हमारी टीम इसे 48 घंटे में हल करने की भरोसेमंद-कोशिश करेगी।


Leave a Reply

error: