MCQ on Science: हम बीमार क्यों पड़ते हैं

हम यहां विज्ञान के विषय ” हम बीमार क्यों पड़ते हैं ” से संबंधित कुछ प्रश्न देखेंगे। ये सवाल NCERT की किताब से लिए गए हैं।

Q&A: हम बीमार क्यों पड़ते हैं? (Question and Answer on Why do we fall ill? )


प्रश्न-1: प्रतिरक्षा तंत्र (Immune system) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजियेः

  • कथन-1: HIV संक्रमण में वायरस प्रतिरक्षा तंत्र पर आक्रमण करते हैं।
  • कथन-2: गंभीर संक्रामक रोग प्रतिरक्षा तंत्र की असफलता को दर्शाते हैं।
  • कथन-3: टीकाकरण का सामान्य नियम यह है कि शरीर में विशिष्ट संक्रमण प्रविष्ट कराकर प्रतिरक्षा तंत्र को मूर्ख बनाया जा सकता है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1 और 2
  2. केवल 2 और 3
  3. केवल 3
  4. 1, 2 और 3

व्याख्याः (Option: 4) उपर्युक्त तीनों कथन सही हैं। HIV संक्रमण में वायरस प्रतिरक्षा तंत्र में जाते हैं और इसके कार्य को नष्ट कर देते हैं। इस प्रकार HIV-AIDS से बहुत से प्रभाव इसलिये होते हैं क्योंकि हमारा शरीर प्रतिदिन होने वाले छोटे संक्रमणों का मुकाबला नहीं कर पाता।

प्रतिरक्षा तंत्र शरीर में प्रवेश करने वाले रोगों से लड़कर उन्हें समाप्त करता है इसलिये गंभीर संक्रामक रोग ये दर्शाते हैं कि प्रतिरक्षा तंत्र रोगों से लड़ने में असफल हो रहा है। प्रतिरक्षा तंत्र को मज़बूत बनाए रखने के लिये पर्याप्त भोजन तथा पोषण आवश्यक हैं। 

टीकाकरण का सामान्य नियम यह है कि शरीर में विशिष्ट संक्रमण प्रविष्ट कराकर प्रतिरक्षा तंत्र को ‘मूर्ख’ बना सकते हैं। ऐसा इसलिये होता है क्योंकि जब रोगाणु प्रतिरक्षा तंत्र पर पहली बार आक्रमण करते हैं तो प्रतिरक्षा तंत्र रोगाणुओं के प्रति क्रिया करता है और फिर इसका विशिष्ट रूप से स्मरण कर लेता है। इस प्रकार जब वहीं रोगाणु या उससे मिलता-जुलता रोगाणु संपर्क में आता है तो पूरी शक्ति से उसे नष्ट कर देता है। इससे पहले संक्रमण की अपेक्षा दूसरा संक्रमण शीघ्र ही समाप्त हो जाता है।


प्रश्न-2: वायरस (Virus) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजियेः

  • कथन-1: वायरस मानव शरीर में प्रवेश करते हैं और अपनी जीवन प्रक्रिया के लिये हमारी मशीनरी का उपयोग करते हैं।
  • कथन-2: एडवर्ड जेनर ने चेचक के टीके की खोज की थी।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. 1 और 2 दोनों
  4. न तो 1 और न ही 2

व्याख्याः (Option: 3) उपर्युक्त दोनों कथन सही हैं। बैक्टीरिया (Bacteria) में अपनी जैव रासायनिक प्रणाली होती है जबकि वायरस (Virus) में अपनी जैव रसायनिक प्रणाली बहुत कम होती है। वायरस हमारे शरीर में प्रवेश करते हैं और अपनी जीवन प्रक्रिया के लिये हमारी मशीनरी का उपयोग करते हैं। इसीलिये एंटीवायरस औषधि (Antivirus medicine) बनाना एंटीबैक्टीरियल औषधि (Antibacterial medicine) के बनाने की अपेक्षा कठिन है।

एडवर्ड जेनर ने पाया कि चेचक (Smallpox) का वायरस गो-चेचक (Cowpox) के वायरस का निकट संबंधी है। उन्होंने देखा कि जिन्हें गो-चेचक हुआ था उन्हें महामरी के समय भी चेचक नहीं हुआ। चूँकि गो-चेचक एक मन्द रोग है। इसलिये एडवर्ड जेनर ने जान बूझकर लोगों को गो-चेचक दिया और पाया कि अब वे लोग भी चेचक के प्रतिरोधी है। इसी प्रक्रिया में जेनर ने चेचक के टीके की खोज की (discovery of Smallpox vaccine)। 


प्रश्न-3: सूची-I को सूची-II से सुमेलित कीजिये तथा नीचे दिये गए कूट का प्रयोग करके सही उत्तर चुनियेः

सूची-I
(व्याधि)
सूची-II
(कारक)
A. पेप्टिक व्रण (Peptic Ulcers)1. वायरस (Virus)
B. डेंगू2. प्रोटोजोआ (Protozoa)
C. फीलपाँव3. कृमि (Worm)
D. मलेरिया4. बैक्टीरिया (Bacteria)

कूट : A : B : C : D

  1. 4 2 3 1
  2. 4 1 3 2
  3. 3 4 2 1
  4. 2 3 4 1

व्याख्याः (Option: 2) पेप्टिक व्रण हेलीकोबैक्टर पायलोरी नामक बैक्टीरिया से होता है। इसके उपचार से संबंधित खोज के लिये रॉबिन बारेन तथा बैरी मार्शल को शरीरक्रिया विज्ञान तथा औषधि के लिये सन् 2005 में नोबेल पुरस्कार मिला। टायफॉयड हैजा, एंथ्रेक्स तथा मुँहासे बैक्टीरिया के कारण होने वाले कुछ अन्य रोग हैं। 

  • डेंगू, खाँसी-ज़ुकाम, इंफ्लुएंज़ा तथा एड्स वायरस से होने वाले रोग हैं।
  • फीलपाँव नामक रोग कृमि की विभिन्न स्पीशीज द्वारा होता है।
  • सामान्य त्वचा रोग विभिन्न प्रकार की फंजाई (Funjai) द्वारा होते हैं।
  • मलेरिया, कालाज़ार (लेश्मानिया प्रोटोज़ोआ से) तथा निंद्रालु व्याधि (ट्रिप्नोसोमा प्रोटोज़ोआ से) प्रोटोज़ोआ से होने वाले रोग हैं।

प्रश्न-4: एंटीबायोटिक (Antibiotic) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजियेः

  • कथन-1: ये सामान्यतः बैक्टीरिया के महत्त्वपूर्ण जैव रासायनिक मार्ग को बंद कर देते हैं।
  • कथन-2: ये वायरस संक्रमण पर भी कारगर साबित होते हैं।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1
  2. केवल 2
  3. 1 और 2 दोनों
  4. न तो 1 और न ही 2

व्याख्याः (Option: 1) एंटीबायोटिक सामान्यतः बैक्टीरिया के महत्त्वपूर्ण जैव रासायनिक मार्ग को बंद कर देते हैं। उदाहरणः बहुत से बैक्टीरिया अपनी रक्षा के लिये कोशिका भित्ति बना लेते हैं। पेनिसिलीन (Penicillin) उनकी इस प्रक्रिया को बाधित कर देता है जिस कारण वे कोशिका भित्ति नहीं बना पाते और सरलता से मर जाते हैं। मानव की कोशिकाओं में कोशिका भित्ति नहीं होती इसलिये पेनिसिलीन का प्रभाव उन पर नहीं होता। अतः कथन (1) सही है।

वायरस में बैक्टीरिया के जैसा कोई मार्ग नहीं होता जिसे बाधिक करने से उनकी मृत्यु हो जाए इसी कारण कोई एंटीबायोटिक, वायरस संक्रमण (Virus infection) पर प्रभावकारी नहीं है। अतः कथन (2) गलत है। 


प्रश्न-5: विभिन्न रोग और उनके कारक के सन्दर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजियेः

  • कथन-1: क्षय रोग वायु द्वारा संचरित हो सकता है।
  • कथन-2: हैजा दूषित पानी से संचरित हो सकता है।
  • कथन-3: एड्स केवल लैंगिक संपर्क से संचरित हो सकता है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?

  1. केवल 1 और 2
  2. केवल 1 और 3
  3. केवल 2
  4. 1, 2 और 3

व्याख्याः (Option: 1) क्षय रोग वायु द्वारा तथा हैजा दूषित जल द्वारा संचरित हो सकता है। अतः कथन (1) और (2) सही हैं। एड्स लैंगिक संपर्क के अतिरिक्त रक्त स्थानांतरण, गर्भावस्था में रोगी माता से शिशु को अथवा माता द्वारा शिशु को स्तनपान द्वारा भी संचरित हो सकता है। 


विश्वसनीयता (Trustworthy)

“MCQ केटेगरी” में शामिल प्रत्येक प्रश्न को आधिकारिक स्त्रोतों द्वारा जांचा-परखा गया है, फिर भी इसमें सुधार की गुंजाइश से इंकार नहीं किया जा सकता है। यदि आपको किसी भी प्रश्न में कोई संदेह है, तो आप नीचे टिप्पणी में पूछ सकते हैं। हमारी टीम इसे 48 घंटे में हल करने की भरोसेमंद-कोशिश करेगी।


Leave a Reply

error: